बिलासपुर: केरल राज्य के पलक्कड़ में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की मृत्यु के मामले में आज बिलासपुर कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया। आवेदन के माध्यम से शासन का ध्यान पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति की ओर आकर्षित करते हुए उचित सहायता और न्याय सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम करही निवासी रामनारायण बघेल रोजगार के सिलसिले में केरल गए थे, जहाँ एक दुखद घटना में उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले को लेकर बिलासपुर मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की और बताया कि मृतक अपने पीछे वृद्ध माता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार की आजीविका का कोई अन्य साधन न होने के कारण उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है।
प्रशासन को सौंपे गए पत्र में पीड़ित परिवार के लिए सम्मानजनक आर्थिक सहायता, बच्चों की आगामी शिक्षा की व्यवस्था और परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार शासकीय सेवा में लेने का सुझाव दिया गया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि मानवीय और संवैधानिक आधार पर शासन का सकारात्मक रुख ही पीड़ित परिवार को संबल प्रदान कर सकता है।





