रैंप योजना अंतर्गत बिलासपुर में सेक्टर स्पेसिफिक पर्यटन प्रशिक्षण का द्वितीय बैच प्रारंभ

भारत सरकार की रैंप (RAMP) योजना के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (सीएसआईडीसी) रायपुर द्वारा राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान (एनआईएमएसएमई), हैदराबाद द्वारा बिलासपुर में सेक्टर स्पेसिफिक ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय बैच दिनांक 30 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ है, जो 1 फरवरी 2026 तक संचालित होगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सीपत चौक, सरकंडा स्थित होटल रीति रिवाज में आयोजित किया जा रहा है।

तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उद्यमी, महिला उद्यमी एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े युवा प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को इको-टूरिज्म, होम-स्टे, फार्म-स्टे, ट्रैकिंग, कैंपिंग, ग्रामीण पर्यटन, स्थानीय आर्ट, कला एवं हस्तशिल्प आधारित पर्यटन की संभावनाओं के साथ-साथ इको-टूरिज्म मॉडल एवं छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-30 के अंतर्गत उपलब्ध शासकीय सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है।

बिलासपुर जिला अचानकमार टाइगर रिजर्व, अरपा नदी क्षेत्र, खूंटाघाट जलाशय एवं आसपास के वनांचल क्षेत्रों के कारण पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र है। इन क्षेत्रों में होम-स्टे, फार्म-स्टे, नेचर ट्रेल, ट्रैकिंग मार्ग, कैंपिंग साइट, स्थानीय कला-संस्कृति एवं पारंपरिक हस्तशिल्प के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं उद्यमिता के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में गार्गी फाउंडेशन की संचालिका एवं समाजसेवी श्रीमती बिंदु सिंह तथा हमर संगवारी न्यूज़ के संपादक श्री विजय दुसेजा उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना करते हुए युवाओं एवं महिलाओं को पर्यटन क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों का उद्यम पंजीयन (उद्यम रजिस्ट्रेशन) भी कराया जा रहा है, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं, सब्सिडी एवं वित्तीय सहायता का लाभ मिल सके।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाएंगे।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में पर्यटन आधारित उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण एवं स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Facebook
X
LinkedIn
WhatsApp

यह भी पढ़ें।

Following

मेरा शहर